मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सहयोग जरूरी : एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

5
8SFDM8

सफीदों (एस• के• मित्तल) : निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में सफीदों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा करना और मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग सुनिश्चित करना था। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को चिन्हित कर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना है। वर्तमान में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। ऐसे मतदाता जो लंबे समय से अपने वर्तमान पते पर निवास नहीं कर रहे हैं। किसी अन्य स्थान पर स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं, जिनका नाम दो अलग-अलग स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज है अथवा किसी कारणवश एक से अधिक बार मतदाता सूची में शामिल हो गया है, उनकी पहचान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष रूप से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के माध्यम से सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 अपने-अपने मतदान केंद्रों की जानकारी रखते हैं, इसलिए उनका सहयोग मिलने से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान अधिक प्रभावी, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सकेगा। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ सत्यापन के लिए उनके घर पहुंचें तो उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

Loading