सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव हाट निवासी जतिन ने थाना सदर सफीदों में शिकायत देकर आरोप लगाया कि 1 अगस्त को करीब 11 बजे गांव में ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान सतपाल, नवीन, अंकुश, दीपांशु और मोंटी सहित करीब 18 अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित का कहना है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उस पर हथौड़े से हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उसे जान से मारने की कोशिश करते हुए धमकियां भी दीं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
![]()









