विधायक ने दिवंगत पत्रकार विक्रम के परिवार को सौंपी 14 लाख रुपये की एफडी परिवार को दिया जाएगा हरसंभव सहयोग: रामकुमार गौतम

4
Ramkumar Gautam
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा पत्रकार संघ के तत्वावधान में नगर के बालूजा होटल में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान दिवंगत पत्रकार विक्रम के परिवार को 14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एफडी के रूप में सौंपी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष केबी पंडित ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के विधायक रामकुमार गौतम ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथियों में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अशोक छाबड़ा, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी तथा हरियाणा पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष विजेंद्र कुमार शामिल रहे। हरियाणा पत्रकार संघ की सफीदों इकाई के अध्यक्ष विकास रोहिल्ला ने सभी अतिथियों का बुके एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, पत्रकारों और अन्य गणमान्य लोगों ने दिवंगत पत्रकार विक्रम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधायक रामकुमार गौतम एवं अन्य अतिथियों ने दिवंगत पत्रकार विक्रम की पत्नी ज्योति और उनके परिवार को 14 लाख रुपये की एफडी के दस्तावेज सौंपे। अपने संबोधन में हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष केबी पंडित ने कहा कि संगठन हमेशा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने बताया कि संघ अब तक प्रदेशभर में पत्रकारों को करीब 2.60 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवा चुका है। उन्होंने विशेष रूप से सफीदों इकाई की सराहना करते हुए कहा कि इस इकाई ने दिवंगत पत्रकार विक्रम के परिवार की मदद के लिए जो प्रयास किए हैं, वे पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने आगे बताया कि संघ ने न केवल आर्थिक सहायता प्रदान की है, बल्कि दिवंगत पत्रकार के बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था भी एक निजी विद्यालय में करवाई गई है। इसके अलावा उनकी पत्नी ज्योति के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनके उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। केबी पंडित ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो संघ पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अशोक छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार भी पत्रकारों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिनमें निशुल्क बीमा, हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा और वरिष्ठ पत्रकारों को 15 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन शामिल है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की सुरक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।
विधायक रामकुमार गौतम ने अपने संबोधन में पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज का सच्चा दर्पण भी। उन्होंने कहा कि पत्रकार कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को उजागर करते हैं और समाज को जागरूक बनाते हैं। ऐसे में समाज का यह कर्तव्य बनता है कि जरूरत के समय पत्रकारों और उनके परिवारों का साथ दे। उन्होंने कहा कि दिवंगत पत्रकार विक्रम के निधन के बाद उनके परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का प्रयास किया गया है और भविष्य में भी यह सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी पत्रकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और आज भी निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का मार्गदर्शन करते हैं और उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेशाध्यक्ष केवी पंडित, मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, हरियाणा पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, सफीदों प्रधान विकास रोहिल्ला, आचार्य विकास मलिक, वरिष्ठ पत्रकार अमनदीप पिलानियां व वरिष्ठ पत्रकार संजय शर्मा काफी तादाद में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे।

Loading