गुरुग्राम में घर के बाहर खेल रही 2 साल की बच्ची की कार की टक्कर से मौत, पड़ोसी ड्राइवर पर आरोप; CCTV खंगाल रही पुलिस

4
Gurugram Road Accident

गुरुग्राम : शहर के सेक्टर-5 में देर रात घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची की कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। आरोप है कि रिहायशी इलाके की सड़क पर आ रही कार ने बच्ची को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृत बच्ची की पहचान अधिराज तिवारी के रूप में हुई है। उसके पिता वीरेंद्र तिवारी एक आईटी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। अचानक हुए हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार की चपेट में आ गई। हादसे के बाद तेज आवाज और बच्ची की चीख सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकले।

परिजन बच्ची को तुरंत उपचार के लिए मणिपाल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि दुर्घटना में बच्ची को गंभीर चोटें आई थीं।

आरोप है कि हादसे में शामिल कार का चालक कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि पीड़ित परिवार के घर के पास ही रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद वह बच्ची और परिवार के साथ अस्पताल तक गया था, लेकिन बाद में वहां से चला गया। पुलिस अब उसकी तलाश और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर की आंतरिक सड़कों पर बच्चे खेलते हैं और बुजुर्ग भी पैदल आते-जाते हैं। ऐसे में रिहायशी इलाकों में वाहनों की गति नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जानकारी जुटाई। इसके बाद मामला सेक्टर-5 थाना पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस दुर्घटनास्थल और आसपास के मकानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इससे हादसे के समय कार की गतिविधि, घटनाक्रम और चालक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में कार की गति तेज होने की बात सामने आई है। हालांकि वाहन की वास्तविक गति और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों तथा प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दो साल की बच्ची की अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं हादसे ने रिहायशी इलाकों की आंतरिक सड़कों पर वाहन चलाते समय गति और सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।

Loading