करनाल : जिले के डाचर-जलमाणा रोड पर हुए सड़क हादसे में 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग बाइक से गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बुजुर्ग सड़क से दूर खेत में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांव डाचर निवासी 72 वर्षीय बुटा सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बुटा सिंह रविवार सुबह करीब 11 बजे बाइक पर सवार होकर डाचर स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए घर से निकले थे।
बताया जा रहा है कि बुटा सिंह डेरे से निकलकर सड़क पर पहुंचे ही थे कि एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक से उछलकर करीब 15 फीट दूर खेतों की तरफ जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को संभाला। इसी दौरान घास लेकर वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने घटना की जानकारी डेरे पर मौजूद बुटा सिंह के परिवार के सदस्यों को दी।
सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बुटा सिंह को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर निसिंग थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि बुटा सिंह डेरे पर अकेले रहते थे। उनके परिवार में एक बेटा है। अचानक हुए हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
बताया गया है कि पुलिस ने हादसे में शामिल कार की पहचान कर ली है। अब कार चालक और दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
निसिंग थाना के जांच अधिकारी ऋषिपाल ने बताया कि रविवार को बुटा सिंह सड़क हादसे में घायल हुए थे और बाद में उनकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के समय कार कौन चला रहा था। शिकायत में कार की तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताया गया है। इस संबंध में अंतिम स्थिति पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
![]()











