सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर की पुरानी अनाज मंडी में आपसी विवाद के बाद टैंपो से दो लोगों को कुचलने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कथित तौर पर टैंपो चालक दो लोगों को टक्कर मारता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना में दोनों व्यक्ति घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत को देखते हुए उन्हें जींद रेफर कर दिया। घटना के बाद पुरानी अनाज मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई, जिसमें विवाद के बाद टैंपो से दोनों व्यक्तियों को टक्कर लगने की घटना दिखाई दे रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी टैंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सफीदों निवासी अमित उर्फ बोबी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया। सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को गांव रामपुरा निवासी धर्मवीर ने शिकायत दी थी। शिकायत में धर्मवीर ने आरोप लगाया कि उसका बेटा सागर किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान अमित उर्फ बोबी ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट करने का प्रयास किया।
धर्मवीर के अनुसार, जब उसने अपने बेटे को आरोपी से छुड़ाने के लिए बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और दोनों को चोटें पहुंचाईं। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विवाद के बाद आरोपी ने टैंपो से धर्मवीर और उसके बेटे सागर को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि धर्मवीर की शिकायत के आधार पर आरोपी अमित उर्फ बोबी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है।
![]()











