महाविद्यालय में नशा मुक्ति एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

3
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : राजकीय महाविद्यालय, सफीदों में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एनकॉर्ड कमेटी एवं सड़क सुरक्षा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सविता पुनिया ने की। कार्यक्रम में डीएसपी गौरव शर्मा मुख्यातिथि तथा सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार विशिष्टातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई गई। विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीएसपी गौरव शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही कई बार गंभीर हादसे का कारण बन जाती है, इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जागरूकता और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। डीएसपी ने साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल या मैसेज पर निजी जानकारी साझा करने तथा ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने साइबर दुनिया में सतर्क एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की ओर से अतिथियों को फ्लावर पॉट्स भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रैफिक एसआई नरेश कुमार, उप प्राचार्य डॉ. सरला सहरावत, डॉ. जयविंदर शास्त्री, रीनू देवी, विकास बंसल, डॉ. रुचि भारद्वाज, मोहित बूरा सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Loading