सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव रोहढ़ स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रिंसिपल रामकुमार नैन ने की, जबकि सिविल अस्पताल सफीदों के ब्लॉक काउंसलर कुशलवीर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगे। इस अवसर पर किशोर स्वास्थ्य विषय पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने ओजस्वी विचारों के माध्यम से किशोरावस्था में स्वास्थ्य के महत्व, नशे से होने वाले नुकसान और स्वस्थ जीवनशैली के विषय में अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में आशीष ने प्रथम तथा नवनीत ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में कुशलवीर ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके मानसिक और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने किशोरों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े लक्षणों, कारणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी होने पर उसे छिपाने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों या स्वास्थ्य विशेषज्ञों से बात करने का आह्वान किया। स्कूल प्रिंसिपल रामकुमार नैन ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान बच्चों को सही मार्गदर्शन मिलने से वे भविष्य में स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। इस मौके पर कविता, राजेश, प्रोमिला, दर्शना, परमजीत व रणवीर शास्त्री विशेष रूप से मौजूद रहे।
![]()











