पंजाब यूनिवर्सिटी में हॉस्टल के बाहर छात्रों के दो गुट भिड़े, पुलिस ने दौड़ाकर भीड़ हटाई; कुछ हिरासत में, शिकायत नहीं मिलने पर केस नहीं

2
Punjab University Clash

चंडीगढ़ : पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के हॉस्टल नंबर-2 के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़े और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के दौरान दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले और काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को अलग कर स्थिति नियंत्रित की। घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक सोमवार रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि हॉस्टल नंबर-2 के बाहर कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो रहा है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छात्रों के अलग-अलग गुटों को वहां से हटाया गया और दोबारा विवाद नहीं करने की चेतावनी दी गई।

DSP एसपीएस सोंधी के मुताबिक पुलिस के पहुंचने से पहले छात्रों के बीच मारपीट होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। कुछ छात्र चेतावनी के बावजूद वहां तनाव पैदा कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया गया।

हालांकि घटना को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई। इसी कारण फिलहाल झगड़े को लेकर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने संबंधित छात्रों को चेतावनी दी है कि दोबारा शांति व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद हॉस्टल नंबर-2 और आसपास के क्षेत्र में एहतियातन सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस का कहना है कि विवाद किस वजह से शुरू हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। छात्रों की तरफ से भी झगड़े के कारण को लेकर कोई औपचारिक शिकायत या स्पष्ट बयान नहीं दिया गया।

घटना के कई छोटे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में छात्रों का एक समूह सड़क पर भागता दिखाई देता है, जबकि पुलिसकर्मी उनके पीछे जाते नजर आते हैं। एक PCR वाहन भी मौके पर दिखाई देता है।

एक अन्य वीडियो में पुलिस कुछ छात्रों को पकड़कर PCR वाहन की तरफ ले जाती नजर आ रही है। इस दौरान दूसरे छात्र भी आसपास मौजूद दिखाई देते हैं। पुलिसकर्मी उन्हें दूर रहने और स्थिति शांत रखने का प्रयास करते नजर आते हैं।

एक वीडियो में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ छात्रों के बीच तनाव दिखाई देता है। पुलिसकर्मी बीच में आकर उन्हें एक-दूसरे से अलग करते हैं। पुलिस का कहना है कि उसकी मौजूदगी में किसी बड़े टकराव को होने नहीं दिया गया।

घटना से संबंधित सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के बैकग्राउंड में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का गाना भी लगाया गया है। यह वीडियो छात्रों में से किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की बात कही जा रही है।

मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस चौकी मौजूद होने के बावजूद विवाद काफी देर तक कैसे चलता रहा। हालांकि पुलिस का कहना है कि कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों छात्र गुटों के बीच विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी। पुलिस ने भी कहा है कि किसी छात्र ने झगड़े की वजह को लेकर खुलकर जानकारी नहीं दी है।

घटना के बाद हॉस्टल और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद न हो। पुलिस छात्रों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। छात्रों के खिलाफ यूनिवर्सिटी स्तर पर किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है या नहीं, इसकी भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Loading