10 साल से बदहाल सड़क का निर्माण शुरू
सीसी रोड के साथ दोनों तरफ लगेंगे ब्लॉक
जल निकासी के लिए दोनों तरफ बनेगा नाला
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : करीब एक दशक से बदहाली का दंश झेल रहे शहर के सबसे व्यस्त महात्मा गांधी रोड के अब अच्छे दिन आने वाले हैं। नगर पालिका सफीदों की ओर से करीब अढाई करोड़ रुपये की लागत से महात्मा गांधी रोड का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। लंबे समय से उबड़-खाबड़ और गहरे गड्ढों से परेशान वाहन चालकों, दुकानदारों और राहगीरों को सड़क बनने से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ नगर पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय बिट्टा, सेक्रेटरी आशीष व एमई सुरेश लोहान ने नारियल तोड़कर किया।
बाक्स:
10 साल से रोड़ है बदहाल
करीब 10 वर्षों से यह मार्ग जगह-जगह से टूटकर उबड़-खाबड़ हो चुका था। सड़क पर बने गहरे गड्ढे आए दिन हादसों का कारण बन रहे थे। खासकर बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती थी। सड़क पर पानी भरने और गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण ई-रिक्शा, दोपहिया वाहन चालक और अन्य राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार वाहन असंतुलित होने से लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। बुजुर्गों और बच्चों के लिए भी यह मार्ग काफी जोखिम भरा बना हुआ था। महात्मा गांधी रोड शहर का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग होने के कारण यहां दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही रहती है। इस मार्ग के माध्यम से मकबरा पीर, रामपुरा रोड, बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, नई एवं पुरानी अनाज मंडी, रेलवे रोड और जींद रोड सहित शहर के कई प्रमुख हिस्से सीधे जुड़े हुए हैं। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति का असर शहर के बड़े हिस्से की यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा था।
बाक्स:
सड़क किनारे अतिक्रमण भी बड़ी समस्या
सड़क की बदहाली के साथ-साथ महात्मा गांधी रोड पर अतिक्रमण भी लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। कई दुकानदारों और संस्थान संचालकों द्वारा सड़क के किनारे सामान, जेनरेटर, वाहन और अन्य सामग्री रखे जाने के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी। इससे मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती थी। व्यस्त समय में वाहन चालकों को निकलने में काफी परेशानी होती थी। अब सड़क निर्माण के साथ नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य के बाद सड़क का बेहतर तरीके से उपयोग हो सके और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आए।
बाक्स:
बारिश में जलभराव से मिलेगी राहत
महात्मा गांधी रोड पर सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। सड़क की एक साइड पर पहले से नाला बना हुआ है, जबकि दूसरी तरफ नाला नहीं होने के कारण बारिश और गंदे पानी की निकासी को लेकर परेशानी रहती थी। अब दूसरी साइड भी नाले का निर्माण करवाया जाएगा। इससे बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार सड़क को सीसी तकनीक से तैयार किया जाएगा तथा साइड में ब्लॉक लगाए जाएंगे। इससे सड़क की मजबूती के साथ-साथ दोनों तरफ पैदल आवागमन और अन्य उपयोग के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
बाक्स:
अप्रैल से लंबित था टेंडर
महात्मा गांधी रोड के निर्माण को लेकर नगर पालिका की ओर से प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई थी, लेकिन अप्रैल 2026 से टेंडर फाइल उच्चाधिकारियों के पास लंबित पड़ी थी। इसके चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में काफी नाराजगी थी। लोगों का कहना था कि वर्षों से सड़क की हालत खराब होने के बावजूद निर्माण कार्य में देरी से उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि निर्माण के दौरान यातायात और दुकानदारों को अस्थायी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन लोगों को उम्मीद है कि कार्य पूरा होने के बाद शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
बाक्स:
छह महीने में पूरा होगा निर्माण
नगर पालिका के एमई सुरेश लोहान ने बताया कि महात्मा गांधी रोड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और इस पर करीब अढाई करोड़ रुपये की ग्रांट राशि खर्च की जाएगी। सड़क को सीसी से तैयार करने के साथ साइड में ब्लॉक लगाए जाएंगे। जिस तरफ नाला नहीं है, वहां गंदे पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य को करीब छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य पूरा होने के बाद शहरवासियों को साफ-सुथरा, मजबूत और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध करवाया जाएगा।
फोटो कैप्शन 15एसएफडीएम4.: पुराने रोड को उखाड़ती हुई जेसीबी।
![]()











