कुरुक्षेत्र में भाखड़ा नहर में डूबे 13 वर्षीय वरुण की दूसरे दिन भी तलाश, 2 KM तक सर्च; तेज बहाव बना चुनौती

5
Kurukshetra Varun Missing

कुरुक्षेत्र : नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में लापता हुए 13 वर्षीय वरुण की तलाश मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है। गोताखोरों की टीम ने सुबह करीब 7 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दबखेड़ी पुल से आगे नहर में करीब दो किलोमीटर तक तलाश करने के बावजूद वरुण का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

गोताखोर प्रगट सिंह की टीम नहर के अलग-अलग हिस्सों को लगातार खंगाल रही है। टीम करीब दो किलोमीटर आगे तक जाने के बाद वापस दबखेड़ी पुल की दिशा में लौटकर उसी हिस्से की दोबारा जांच कर रही है। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में परेशानी आ रही है।

वरुण के सोमवार शाम नहर में डूबने की जानकारी सामने आने के बाद से ही उसका परिवार घटनास्थल पर मौजूद है। रात में अंधेरा होने के कारण गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा था, लेकिन परिवार के सदस्य पूरी रात नहर किनारे ही रहे।

वरुण के पिता राजबीर और उसका भाई भी देर रात तक नहर के आसपास उसकी तलाश करते रहे। परिवार को उम्मीद थी कि वरुण से संबंधित कोई जानकारी मिल सकती है। मंगलवार सुबह होते ही गोताखोरों ने फिर से तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार वरुण बाहरी गांव का रहने वाला है और शहर के एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है। सोमवार को वह घर से ट्यूशन जाने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि वह ट्यूशन जाने के बजाय अपने दोस्तों के साथ दबखेड़ी पुल के पास नरवाना ब्रांच नहर पर पहुंच गया।

शाम करीब साढ़े 5 बजे उसके नहर में लापता होने की जानकारी सामने आई। नहर किनारे वरुण के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद उसके पानी में डूबने की आशंका जताई गई।

वरुण के साथ आए बच्चे घटना के बाद नहर किनारे रो रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने उनसे कारण पूछा तो बच्चों ने बताया कि उनका दोस्त वरुण नहर में डूब गया है। इसके बाद पुलिस, परिवार और गोताखोर प्रगट सिंह को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद सोमवार शाम को ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। गोताखोरों ने नहर में वरुण की तलाश की, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान को रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह टीम ने उसी क्षेत्र से दोबारा ऑपरेशन शुरू किया।

वरुण नहर में किन परिस्थितियों में लापता हुआ, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। उसके साथ मौजूद बच्चों से पुलिस और परिवार ने जानकारी ली है, लेकिन घटना के बाद डरे हुए बच्चे पूरा घटनाक्रम स्पष्ट तरीके से नहीं बता पाए हैं।

ऐसे में अभी यह निश्चित नहीं है कि वरुण नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आया या पैर फिसलने के कारण नहर में गिरा। फिलहाल उसके नहर में लापता होने से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

तेज बहाव के कारण गोताखोरों को आशंका है कि वरुण घटनास्थल से काफी आगे तक बह सकता है। इसी वजह से दबखेड़ी पुल से आगे के हिस्से को बार-बार खंगाला जा रहा है।

पुलिस और परिवार के सदस्य भी मौके पर मौजूद हैं। गोताखोरों की टीम नहर के बहाव और संभावित स्थानों को ध्यान में रखते हुए तलाश जारी रखे हुए है। फिलहाल परिवार की निगाहें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं और वरुण का पता लगाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Loading