पीएम मोदी के जन्मदिन पर श्री गौशाला में किया हवन सेवा संकल्प अभियान के तहत दी आहुतियां

7
Safidon News
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नगर के जींद रोड स्थित श्री गौशाला एसोसिएशन में सेवा संकल्प अभियान के तहत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गौशाला एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवचरण कंसल ने की। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों ने हवन यज्ञ में आहुतियां डालकर राष्ट्र, समाज और जनकल्याण की कामना की। श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके दीर्घ सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा से जुड़े पहलुओं का भी उल्लेख किया गया। अपने संबोधन में प्रधान शिवचरण कंसल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़कर मनाने की पहल के तहत विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में श्री गौशाला एसोसिएशन में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा, समर्पण और परोपकार का विशेष महत्व है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है। हवन यज्ञ के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

Loading