कुरुक्षेत्र में बागड़ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मासूम मां-बेटी समेत 6 की मौत

1
Kurukshetra Tractor Trolley Accident

कुरुक्षेत्र : राजस्थान के बागड़ धाम जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली गुरुवार दोपहर पिंडारसी गांव के पास पलट गई। हादसे में 7 वर्षीय हर्ष और डेढ़ वर्षीय सीरत समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दस से अधिक लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल राजकुमारी को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल रेफर किया गया है।

कलाल माजरा गांव के कई परिवार अपने बच्चों और रिश्तेदारों के साथ जाहरवीर गोगाजी के दरबार में माथा टेकने जा रहे थे। रास्ते में पिंडारसी बस अड्डे के पास उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में हर्ष की मौत से उसके माता-पिता जसवंत सिंह और रंजीत कौर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के अनुसार, उन्होंने हर्ष को गोद लिया था और वह उनका इकलौता बेटा था। हर्ष पहली कक्षा में पढ़ता था। रंजीत कौर भी यात्रा में उसके साथ थीं।

मृतकों में 25 वर्षीय अंजलि और उनकी डेढ़ साल की बेटी सीरत भी शामिल हैं। अंजलि के पति राहुल हादसे में घायल हुए हैं और उनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके अलावा सगी बहनें लीला देवी और बाला देवी की भी मौत हुई है। लीला देवी कलाल माजरा की थीं, जबकि बाला देवी करनाल जिले से यात्रा में शामिल होने आई थीं। ट्रैक्टर चालक शांति लाल की पत्नी बोहती उर्फ पुष्पा देवी भी जान गंवाने वालों में शामिल हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दूसरी ट्रॉली को ओवरटेक करते समय सामने से ट्रक आने पर चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सटीक वजह पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाए हैं। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराने की तैयारी है। घायलों का इलाज जारी है और पुलिस दुर्घटना से जुड़े लोगों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है।

Loading