गुरुग्राम : सोहना-दोहला रोड स्थित एमवीएन सोसाइटी में गुरुवार को तीसरी मंजिल से गिरने से दीपा नाम की महिला की मौत हो गई। दीपा आठ साल के बच्चे की मां थीं। उनके पिता ने पति जतिन उर्फ जितेंद्र पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर सोसाइटी के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस भी वहां पहुंची और दीपा के शव को कब्जे में लेकर सोहना नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
दिल्ली के शालीमार बाग निवासी दीपा के पिता रामकिशन ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी बेटी पति के व्यवहार से परेशान थी। उनका आरोप है कि जतिन शराब पीने के बाद दीपा से मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित भी करता था। रामकिशन के मुताबिक, इस कारण दीपा काफी समय से तनाव में थी।
पिता ने आरोप लगाया कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर दीपा ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। हालांकि, दीपा के नीचे गिरने की परिस्थितियां और मौत की वजह से जुड़े सभी तथ्य जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे। पुलिस पिता के आरोपों और घटना से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
दीपा के पति के बारे में बताया गया है कि वह सोसाइटी के पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी हैं। मामले में उनका पक्ष सामने नहीं आया है। जांच अधिकारी हरिओम ने बताया कि रामकिशन की शिकायत के आधार पर जतिन उर्फ जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और जांच में मिलने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिवार के बयान भी जांच का हिस्सा बनाए गए हैं।
![]()











