जींद में कार ने महिला एएसआई की स्कूटी को पीछे से मारी टक्कर, टांग टूटी; चालक की तलाश

3
Jind ASI Accident

जींद : गोहाना रोड पर एसपी निवास के सामने कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला एएसआई नीलम घायल हो गईं। हादसे में उनकी टांग टूट गई। कार चालक वाहन समेत मौके से निकल गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने नीलम की शिकायत पर केस दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

नीलम मूल रूप से भिवानी जिले के गांव थिलौड़ की रहने वाली हैं। वह हरियाणा पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं और फिलहाल अलेवा थाने में तैनात हैं। उनका परिवार जींद पुलिस लाइन में रहता है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्कूटी से थाने से कोर्ट की ओर आ रही थीं।

नीलम के अनुसार, गोहाना रोड पर एसपी निवास के सामने पहुंचने पर पीछे से आई कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गईं। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक कार रोकने के बजाय वहां से चला गया।

घायल नीलम को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचे। बाद में परिजन उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनका इलाज चल रहा है।

चिकित्सकीय जांच में नीलम की टांग टूटने की बात सामने आई है। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसा कैसे हुआ और कार चालक की पहचान क्या है, इसकी जांच की जा रही है।

सिविल लाइन थाने के जांच अधिकारी एसआई अजीत सिंह ने बताया कि महिला एएसआई की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। चालक की पहचान होने और जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Loading