अंबाला स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतारा जा रहा बच्चा फिसला, RPF कांस्टेबल ने बचाया

3
Ambala Cantt Railway Station

अंबाला : अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर चलती मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस से बच्चे को उतारने की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा टल गया। बच्चा प्लेटफॉर्म पर फिसलकर ट्रेन की ओर जाने लगा, तभी ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ कांस्टेबल कुलदीप ने उसे पकड़ लिया। घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। रेलवे सुरक्षा बल ने इस बचाव को ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत दर्ज किया है।

आरपीएफ कांस्टेबल के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 10:50 बजे की है। ट्रेन संख्या 12919 मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर सात से रवाना हो रही थी। यह ट्रेन मध्य प्रदेश के डॉ. अंबेडकर नगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही थी।

एक यात्री अपने बच्चे के साथ ट्रेन में चढ़ गया था, लेकिन उसकी पत्नी प्लेटफॉर्म पर रह गई। ट्रेन चलने पर महिला उसके साथ दौड़ने लगी। उसे देखकर यात्री ने बच्चे को चलती ट्रेन से नीचे उतारने की कोशिश की। इसी दौरान बच्चा प्लेटफॉर्म पर फिसल गया और ट्रेन के पास पहुंच गया।

सीसीटीवी फुटेज में यात्री ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा दिखाई देता है। वह एक हाथ से दरवाजे का हैंडल पकड़े हुए है और दूसरे हाथ से बच्चे को नीचे उतार रहा है। बच्चे के फिसलते ही आसपास के यात्रियों ने शोर मचाया। पास में तैनात कांस्टेबल कुलदीप तुरंत आगे बढ़े और बच्चे को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले गए।

कुलदीप ने बताया कि घटना के बाद गार्ड को सूचना देकर ट्रेन रुकवाई गई। ट्रेन रुकने पर पति, पत्नी और बच्चे को सुरक्षित उसमें बैठाया गया। परिवार जम्मू की ओर जा रहा था। कुछ देर बाद ट्रेन उन्हें लेकर रवाना हुई।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उससे उतरने का प्रयास न करें। बच्चों को चलती ट्रेन से नीचे उतारना खतरनाक हो सकता है। ट्रेन पकड़ते समय परिवार के सभी सदस्यों के सुरक्षित सवार होने का ध्यान रखें।

Loading