घर में बने कोचिंग सेंटर में सीए रवि कुमार चुघ मृत मिले, पुलिस कर रही जांच

8
CA Ravi Kumar Chugh

घर में बने कोचिंग सेंटर के क्लासरूम में सीए रवि कुमार चुघ का शव गुरुवार सुबह पंखे से लटका मिला। उनकी पत्नी ने सुबह करीब 11:30 बजे क्लासरूम में जाकर शव देखा और घटना की सूचना दी गई। सेक्टर-3 चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

सेक्टर-3 चौकी इंचार्ज एसआई प्रमोद के अनुसार, रवि घर में ही ‘सीए स्टार्टर्स’ नाम से इंस्टीट्यूट चलाते थे। वहां विद्यार्थियों को सीए फाउंडेशन और कॉमर्स विषयों की कोचिंग दी जाती थी। भवन की पहली मंजिल पर परिवार रहता है। नीचे एक तरफ आढ़त से जुड़ी दुकान और दूसरी तरफ कोचिंग के लिए कमरा बनाया गया था।

जानकारी के मुताबिक, रवि की पत्नी घर का काम निपटाने के बाद नीचे इंस्टीट्यूट में गई थीं। क्लासरूम में पति को देखकर उन्होंने परिजनों को बताया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

रवि की पत्नी सरकारी स्कूल में अध्यापिका हैं। उनकी एक बेटी है, जो 12वीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों के अनुसार, रवि पहले परिवार की आढ़त की दुकान का काम भी देखते थे। उनके पिता रमेश कुमार की कोरोना संक्रमण के दौरान मौत हुई थी, जबकि चाचा दिनेश कुमार का करीब तीन महीने पहले निधन हुआ था। परिवार के मुताबिक, बाद में रवि ने कोचिंग का काम शुरू किया।

एसआई प्रमोद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रवि के कुछ दिनों से परेशान होने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी वजह का पता नहीं चला है। पुलिस परिजनों से जानकारी ले रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियां स्पष्ट की जाएंगी।

Loading