हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2025 का संशोधित परिणाम जल्द जारी करेगा। बोर्ड ने प्रश्न-पत्रों और उत्तरकुंजियों पर अभ्यर्थियों की आपत्तियों की पुनर्समीक्षा के बाद परिणाम में बदलाव का निर्णय लिया है। जिन अभ्यर्थियों का परिणाम संशोधन के बाद पात्र श्रेणी में आएगा, उनका बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा होने पर ही संशोधित परिणाम घोषित किया जाएगा।
HTET के लेवल-1 (PRT), लेवल-2 (TGT) और लेवल-3 (PGT) की परीक्षा 4 और 5 जुलाई को हुई थी। बोर्ड ने 22 अगस्त को परिणाम घोषित किया था। इसके बाद कुछ अभ्यर्थियों ने प्रश्नों और उत्तरकुंजियों पर आपत्तियां दर्ज कराईं। संशोधित परिणाम जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था और बोर्ड कार्यालय के बाहर दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
बोर्ड के अनुसार, परिणाम बदलने से जिन अभ्यर्थियों को पहली बार पात्र श्रेणी में स्थान मिलेगा और उनका बायोमेट्रिक सत्यापन शेष है, उन्हें निर्धारित केंद्रों पर यह प्रक्रिया पूरी करने का अवसर दिया जाएगा। केंद्रों और तिथियों की जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जारी होगी। बोर्ड ने यह भी कहा है कि परिणाम अपलोड करने में या किसी अन्य स्तर पर तकनीकी त्रुटि मिलने पर वह संशोधित परिणाम वापस ले सकता है।
पहले घोषित परिणाम में तीनों लेवल मिलाकर 31,847 अभ्यर्थी सफल हुए थे। कुल सफलता दर 16.57 प्रतिशत रही थी। लेवल-1 में 3.53 प्रतिशत, लेवल-2 में 20.71 प्रतिशत और लेवल-3 में 16.5 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल हुए थे। संशोधित परिणाम आने के बाद सफल अभ्यर्थियों की संख्या और सफलता दर में बदलाव संभव है।
बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि HTET-2026 भी इसी वर्ष आयोजित करने की तैयारी चल रही है। इसकी परीक्षा तिथि, आवेदन प्रक्रिया और अन्य निर्देश बाद में घोषित किए जाएंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों से आगामी सूचनाओं के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करने को कहा है।
![]()











