गुरुग्राम में कार चला रही महिला की तबीयत बिगड़ी, ERV टीम ने अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान

4
Gurugram Police

गुरुग्राम के सेक्टर-23 में कार चलाते समय तबीयत बिगड़ने से अर्धबेहोश हुई 35 वर्षीय महिला को पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल ERV-265 की टीम ने अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई। महिला के पति ने अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद 112 पर संपर्क कर मदद मांगी थी। पुलिस आयुक्त सिवास कबिराज ने टीम के सभी सदस्यों के लिए विशेष पुरस्कार की घोषणा की है।

घटना 28 सितंबर की सुबह करीब 5:45 बजे की है। महिला अपनी कार से जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें तेज चक्कर आने लगे और बेहोशी महसूस हुई। उन्होंने किसी तरह कार रोकी और पति को फोन कर अपनी स्थिति बताई। उनके पति लीवर की बीमारी के कारण मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने वहीं से पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी तक तत्काल मदद पहुंचाने का अनुरोध किया।

सूचना मिलने पर क्षेत्र में गश्त कर रही ERV-265 की टीम बताए गए पते और जीपीएस की मदद से मौके पर पहुंची। महिला कार के भीतर अर्धबेहोश हालत में मिलीं। स्थिति की गंभीरता देखते हुए पुलिसकर्मियों ने उन्हें सरकारी वाहन में बैठाया और नजदीकी मनीपाल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।

अस्पताल में जांच के दौरान गर्भाशय की गंभीर समस्या के कारण महिला के शरीर में अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव होने की जानकारी मिली। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचाने में देरी होने पर उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बच गई।

मदद करने वाली टीम में ईएएसआई दिनेश, ईएएसआई कृष्ण, सिपाही रवि कुमार और एसपीओ करतार सिंह शामिल थे। ड्यूटी पूरी होने के बाद पुलिसकर्मी दोबारा अस्पताल पहुंचे और महिला का हालचाल जाना।

महिला के परिजनों ने टीम की तत्परता के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता की। इस मदद की सोशल मीडिया पर भी सराहना की जा रही है। पुलिस आयुक्त ने टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए सभी सदस्यों को विशेष रिवॉर्ड देने का फैसला लिया है।

Loading