रोहतक में उधार के पैसों को लेकर विवाद में युवक की हत्या, चाचा समेत पांच लोगों पर आरोप

2
Rohtak News

रोहतक की कबीर कॉलोनी में आपसी विवाद के दौरान चाकू लगने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कालू पुत्र मामताज के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके चाचा अजीज समेत पांच लोगों पर घेरकर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, कालू दोपहर के समय परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां चार-पांच लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इन लोगों ने उसे घेर लिया और झगड़े के दौरान चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल कालू को परिवार के लोग ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार का कहना है कि विवाद किरयाना की दुकान से उधार लिए गए सामान के पैसों को लेकर था। कालू ने अपने चाचा अजीज की दुकान से सामान उधार लिया था। आरोप है कि अजीज पिछले करीब दो साल से उससे पैसे मांग रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और मामला हमले तक पहुंच गया। हालांकि, विवाद के कारण और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

मृतक के परिजनों ने अजीज, आरिफ, सलीम, कालू नामक एक अन्य व्यक्ति और एक अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों के साथ पहले भी विवाद हुआ था। घटना से पहले रात को कॉलोनी में पथराव होने की बात भी सामने आई है। इस घटनाक्रम का दोपहर के हमले से संबंध अभी स्पष्ट नहीं है।

सिटी थाना के जांच अधिकारी एसआई संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को कबीर कॉलोनी में एक युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ट्रॉमा सेंटर पहुंची, जहां युवक की मौत हो चुकी थी।

परिवार ने पुलिस के सामने हमले में शामिल होने के आरोप लगाते हुए लोगों के नाम बताए हैं। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। परिजनों के आरोपों और उधार के पैसों से जुड़े विवाद की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

Loading