हिसार में कैमरी रोड स्थित बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार देर रात फायरिंग में 34 वर्षीय शराब ठेकेदार नरेश की मौत हो गई। उसका साथी धर्मबीर भी गोली लगने से घायल हुआ है और अस्पताल में उपचाराधीन है। बाइक पर आए तीन नकाबपोश हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर उनकी तलाश शुरू की है।
मृतक नरेश हरिता गांव का रहने वाला था। वह शराब के ठेके के अलावा क्रिकेट ग्राउंड में कैंटीन भी चलाता था। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घायल धर्मबीर बयाना खेड़ा गांव का निवासी है। फिलहाल दोनों पर हमला किए जाने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे नरेश और धर्मबीर ग्राउंड पर मौजूद थे। उस समय क्रिकेट मैच चल रहा था और वहां लगभग 35 से 40 लोग थे। इसी दौरान बाइक पर तीन नकाबपोश युवक पहुंचे और नरेश पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमलावरों ने धर्मबीर को भी निशाना बनाया। वह बचने के लिए भागा, लेकिन उसे तीन गोलियां लगीं और वह घायल होकर गिर गया। बदमाशों के निकलने के बाद ग्राउंड पर मौजूद लोग दोनों के पास पहुंचे। घायल धर्मबीर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई। पुलिस ने मौके के हालात की जांच की और हमलावरों तक पहुंचने के प्रयास शुरू किए।
जांच अधिकारी जयवीर सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले घायल को अस्पताल ले जाया जा चुका था। शुरुआती जानकारी में घटनास्थल पर 15 से 16 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। मौके से जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
नरेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इस हमले का उन मामलों से संबंध अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हमले के कारण और आरोपियों की पहचान की जांच कर रही है।
![]()











