पंचकूला में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी काबू, मोहाली के बिल्डर के ऑफिस पर फायरिंग की योजना का दावा

3
Panchkula News

पंचकूला में सोमवार रात ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे पुलिस और बाइक सवार दो युवकों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, नाकाबंदी देखकर भागने की कोशिश कर रहे युवकों ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।

आरोपियों की पहचान पंजाब के अमृतसर जिले के गांव बोरसी निवासी अर्शदीप और गांव रूमाणाचक निवासी जुगराज के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर अवैध हथियार लेकर घूम रहे हैं। इसके बाद ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पास नाका लगाया गया। पीछे की सड़क से आए बाइक सवारों ने नाका देखकर बाइक मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बाइक फिसल गई।

पुलिस का कहना है कि टीम उन्हें पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो दोनों ने गोली चला दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए। उनके कब्जे से एक जिगाना और एक PX-30 पिस्टल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में दोनों के मोहाली में एक बिल्डर के कार्यालय पर फायरिंग करने जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों ने कथित तौर पर पंचकूला से हथियारों की डिलीवरी ली थी। बिल्डर को रंगदारी के लिए धमकी भरी कॉल आने और रकम देने से इनकार करने के बाद कार्यालय पर फायरिंग की योजना बनाए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने बिल्डर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अर्शदीप के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। दोनों के लॉरेंस समूह से जुड़े होने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Loading