हरियाणा में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल की अध्यक्षता में प्रदेशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP), पुलिस महानिरीक्षक (IG), पुलिस अधीक्षक (SP) सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। बैठक में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अपराधियों के सत्यापन की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों से सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की स्थिति और उसके प्रभावी इस्तेमाल से संबंधित जानकारी ली गई।
इसके अलावा प्रदेशभर में नाकाबंदी व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई भी बैठक के एजेंडे में शामिल रही।
बैठक में पुलिस अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय, निगरानी व्यवस्था और विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई की स्थिति को लेकर समीक्षा की गई। इसका उद्देश्य प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाए रखना है।
![]()











