झज्जर जिले के बहादुरगढ़ नगर परिषद में प्रॉपर्टी आईडी को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने डीसीपी को शिकायत पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उनका और उनके परिवार का नाम कथित फर्जी प्रॉपर्टी आईडी से जोड़कर सामाजिक और व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरोज राठी ने शिकायत में मांग की है कि मामले की जांच के दौरान आरोप लगाने वाले इनेलो नेता कपूर सिंह राठी को भी शामिल किया जाए। जांच में यह पता लगाया जाए कि विवादित प्रॉपर्टी आईडी किस व्यक्ति ने बनवाई, इसके लिए किसने आवेदन किया और किन दस्तावेजों के आधार पर इन्हें जारी किया गया।
दरअसल, इनेलो नेता कपूर सिंह राठी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नगर परिषद से जुड़ी कुछ प्रॉपर्टी आईडी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने चेयरपर्सन और उनके परिवार के सदस्यों पर गलत तरीके से प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के आरोप लगाए थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रॉपर्टी आईडी नंबर 3BYQGG45, BGR/W8/1276 और 3BY75CS56 का भी उल्लेख किया गया था। इन्हीं आरोपों के बाद चेयरपर्सन सरोज राठी ने अपना पक्ष रखते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है।
सरोज राठी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के लिए न तो उन्होंने और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य ने कोई आवेदन किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी तरफ से किसी अधिकारी या कर्मचारी को कोई निर्देश नहीं दिया गया और न ही इन आईडी को तैयार करने के लिए किसी प्रकार की सहमति दी गई।
चेयरपर्सन ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित प्रॉपर्टी आईडी जारी करने की पूरी प्रक्रिया की जांच की जाए। इसमें आवेदन से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन और आईडी जारी करने तक की प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान नगर परिषद के किसी अधिकारी, कर्मचारी या किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
सरोज राठी का दावा है कि उनके पास ऐसे दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे संबंधित प्रॉपर्टी आईडी के कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर तैयार किए जाने के मामले में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। उन्होंने इन दस्तावेजों को भी जांच का हिस्सा बनाने की मांग की है।
दूसरी ओर, इनेलो नेता कपूर सिंह राठी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोप भी जांच का विषय हैं। आरोप और चेयरपर्सन की ओर से किए गए प्रतिदावे में वास्तविकता क्या है, यह संबंधित रिकॉर्ड और निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल चेयरपर्सन ने डीसीपी को शिकायत देकर पूरे मामले की तह तक जाने की मांग की है। अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि विवादित प्रॉपर्टी आईडी के लिए आवेदन किस स्तर से किया गया, दस्तावेज किसने उपलब्ध कराए और आईडी जारी करने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही।
![]()











