प्राइवेट बस और कार की टक्कर
8 यात्री गंभीर रूप से घायल
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव ऐंचरा कला के समीप सोमवार दोपहर एक प्राइवेट बस और कार के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कार चालक की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे गांव ऐंचरा कला स्थित परचेज सेंटर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट बस गोहाना की ओर से सफीदों की तरफ आ रही थी, जबकि एक कार सफीदों से गोहाना की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पुर्जे सड़क पर बिखर गए। हादसे के समय बस में काफी यात्री सवार थे। टक्कर लगते ही बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। अचानक लगे ब्रेक के कारण कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। वहीं दो महिलाएं बस के आगे के शीशे से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को संभाला और उन्हें तुरंत सफीदों के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल गांव सिंघाना निवासी 70 वर्षीय बलराम को खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके अलावा एक अन्य गंभीर घायल को घटनास्थल से ही सीधे खानपुर मेडिकल ले जाया गया। घायलों में गांव भुसलाना निवासी ज्योति (36), रामनगर निवासी सोनिया (24), सिंघाना निवासी बलराम (70), बेरी खेड़ा निवासी कृष्ण (60), गांव डाटरथ निवासी सरिता (26), गांव मुआना निवासी अनिल (28) और गांव कुरड निवासी पूनम (40) शामिल हैं। अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
![]()











