गुरुग्राम/नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो में रील बनाने के लिए ट्रेन के शीशों पर मोबाइल फोन चिपकाने के बढ़ते ट्रेंड को लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सख्त चेतावनी जारी की है। सोशल मीडिया पर इस तरह के कई वीडियो सामने आने के बाद मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों और कंटेंट क्रिएटर्स से ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। DMRC ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो परिसर या ट्रेन में सुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधि करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर एक नया रील ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इसमें कुछ कंटेंट क्रिएटर मेट्रो ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के दौरान मोबाइल फोन को सक्शन कप या अन्य साधन की मदद से ट्रेन के शीशे पर चिपका देते हैं।
ट्रेन के रवाना होने पर मोबाइल वहीं लगा रहता है और प्लेटफॉर्म से लेकर आगे के रास्ते का वीडियो रिकॉर्ड करता है। इस दौरान कुछ क्रिएटर प्लेटफॉर्म पर दौड़ते या अन्य गतिविधियां करते हुए भी वीडियो में दिखाई देते हैं।
गुरुग्राम को दिल्ली के समयपुर बादली से जोड़ने वाली यलो लाइन के स्टेशनों से जुड़े इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए हैं। एक कंटेंट क्रिएटर का ऐसा वीडियो भी काफी चर्चा में रहा, जिसे कुछ ही दिनों में बड़ी संख्या में लोगों ने देखा।
DMRC ने इस तरह की गतिविधि को यात्रियों की सुरक्षा और मेट्रो संचालन के लिहाज से अनुचित बताया है। चिंता यह है कि ट्रेन के चलने के दौरान मोबाइल अपनी जगह से निकलकर गिर सकता है। इससे आसपास मौजूद यात्रियों को चोट लगने या मेट्रो से जुड़े उपकरणों को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाने के दौरान दौड़ना या अन्य यात्रियों की आवाजाही में बाधा डालना भी सुरक्षा के लिहाज से परेशानी पैदा कर सकता है।
DMRC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यम से कहा है कि कुछ कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा ट्रेन की खिड़कियों पर मोबाइल लगाकर वीडियो बनाए जाने की गतिविधि उसके संज्ञान में आई है। मेट्रो प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए लोगों को ऐसा नहीं करने की सलाह दी है।
DMRC के अनुसार ऐसी गतिविधियां यात्रियों के लिए असुविधा और चोट का कारण बन सकती हैं। यदि कोई व्यक्ति मेट्रो परिसर में नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
मेट्रो प्रशासन ने कंटेंट क्रिएटर्स से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में जोखिम भरी गतिविधियां नहीं करने की अपील की है। यात्रियों से भी कहा गया है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और ऐसी किसी गतिविधि को प्रोत्साहित न करें।
मेट्रो में किसी व्यक्ति द्वारा सुरक्षा को खतरे में डालने वाली गतिविधि दिखाई देने पर यात्री इसकी जानकारी मेट्रो कर्मचारियों या सुरक्षा कर्मियों को दे सकते हैं।
दिल्ली मेट्रो में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यात्रा करते हैं और यलो लाइन गुरुग्राम तथा दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ती है। ऐसे में DMRC ने यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध परिचालन को प्राथमिकता देते हुए सोशल मीडिया रील के लिए जोखिम भरे प्रयोग नहीं करने की सलाह दी है।
![]()











