सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में पढ़ने वाली करीब एक हजार छात्राओं के लिए समुचित शौचालय की सुविधा उपलब्ध न होना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। लंबे समय से मूलभूत सुविधा के अभाव से जूझ रही छात्राओं की समस्या को लेकर मंगलवार को पूर्व पार्षद नरेश जांगड़ा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रणबीर भुसलाना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजीव मुआना सहित अनेक समाजसेवियों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से स्कूल परिसर में छात्राओं के लिए पर्याप्त एवं सुविधाजनक शौचालयों का निर्माण करवाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने प्रशासन को एक महीने का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो नगरवासी प्रशासन के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों को बचाने और उन्हें आगे बढ़ाने की बातें तो खूब की जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रहे हैं। समाजसेवियों ने कहा कि स्कूल में बड़ी संख्या में छात्राएं शिक्षा ग्रहण करती हैं और उनके लिए स्वच्छ, सुरक्षित तथा पर्याप्त शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा का होना बेहद जरूरी है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के कारण छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर किसी छात्रा के अचानक बीमार पड़ने अथवा लूज मोशन जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर परेशानी और अधिक गंभीर हो जाती है। ऐसी परिस्थितियों में छात्राओं को होने वाली असुविधा और मानसिक परेशानी की कल्पना करना भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि यह केवल सुविधा का मामला नहीं, बल्कि छात्राओं की गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रशासन और शिक्षा विभाग को इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान करना चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन के अधिकारियों से अपील की कि वे स्वयं स्कूल का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देखें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
![]()











