करियर की सही दिशा तय करने के लिए कौशल विकास जरूरी: नरेश जागलान

9
Government PG College Safidon
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्लेसमेंट सेल की ओर से विद्यार्थियों के लिए करियर गाइडेंस, काउंसलिंग एवं मोटिवेशन विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि नरेश जागलान ने बतौर वक्ता विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञ से अपने सवालों के माध्यम से संवाद भी किया। व्याख्यान के दौरान नरेश जागलान ने विद्यार्थियों को करियर योजना, लक्ष्य निर्धारण, कौशल विकास तथा बेहतर करियर विकल्पों के चयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए अपने करियर की दिशा समय रहते तय करना जरूरी है। इसके लिए अपनी रुचि, क्षमता और वर्तमान समय की आवश्यकताओं को समझते हुए लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल लक्ष्य तय करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और सीखने की प्रवृत्ति भी जरूरी है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरला सहरावत ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस प्रकार के विशेषज्ञ व्याख्यान और मार्गदर्शन कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर से जुड़े विभिन्न विकल्पों की जानकारी मिलती है और उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार सही दिशा चुनने में मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे महाविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर मनोज कुमार, ज्योति, मोहित बूरा, विनीत, अरित्रा मंडल, मंजू देवी और डॉ. रुचि भारद्वाज सहित अन्य उपस्थित रहे।

Loading