बिजली शिकायत दर्ज कराने पहुंचे युवक से मारपीट का आरोप, 5 कर्मचारियों पर केस

8
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव हाट के एक युवक ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर मारपीट, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर थाना सदर सफीदों पुलिस ने पांच बिजली कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में रवि लाइनमैन, मनीष ऑपरेटर, जेई रतनलाल, जेई राजेंद्र और एसडीओ ग्रामीण प्रभात को आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता प्रवीण ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे उसके घर की बिजली ट्रांसफार्मर से कम-ज्यादा होने के कारण खराब थी। इसी संबंध में वह बिजली की शिकायत दर्ज करवाने के लिए बिजली घर हाट गया था। आरोप है कि वहां उसने बिजली कर्मचारियों से शिकायत दर्ज करने के लिए शिकायत रजिस्टर मांगा। प्रवीण के अनुसार, इसी दौरान रवि लाइनमैन और ऑपरेटर मनीष ने कथित तौर पर उससे कहा कि वह वही व्यक्ति है, जिसने उनके जेई और एसडीओ के खिलाफ आरटीआई और सीएम विंडो लगा रखी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे आरटीआई और सीएम विंडो लगाने का मजा चखाने की बात कहते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसे बंधक बनाकर सिर और दोनों हाथों पर लाठी-डंडों से चोटें मारी गईं। चोट लगने के बाद जब वह नीचे गिर गया तो भी उसके साथ मारपीट जारी रखी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसकी मोबाइल फोन से वीडियो बनाई गई। प्रवीण ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि अगले दिन तक एसडीओ के खिलाफ लगाई गई आरटीआई और सीएम विंडो वापस नहीं ली तो उसे जान से मार दिया जाएगा। शिकायत के मुताबिक, उसके हाथ जुड़वाकर वीडियो में जबरन सीएम विंडो वापस लेने की हामी भी भरवाई गई। शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि दो आरोपी कहीं से तेल लाने की बात कहते हुए वहां से चले गए और उसे जिंदा जलाने की बात कही। इसी दौरान मौका पाकर वह वहां से अपनी गाड़ी में बैठकर घर पहुंचा और अपनी जान बचाई। इसके बाद वह सफीदों के सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे खानपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Loading