सफीदों, (एस• के• मित्तल) : पति को अमेरिका में सुरक्षित पहुंचाने का भरोसा देकर एक महिला से दुष्कर्म करने और बाद में अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर थाना सदर सफीदों पुलिस ने पानीपत जिले के जोशी गांव निवासी अनुज को नामजद करके उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि उसका पति वर्ष 2023 में रोजी-रोटी कमाने के लिए अमेरिका गया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वहां उसका पति किसी परेशानी में फंस गया था। इसी दौरान उसके देवर ने उसकी मुलाकात आरोपी युवक से करवाई। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उसके पति को अमेरिका में सुरक्षित निकालने में मदद करेगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, 6 अगस्त 2025 की रात करीब 8 बजे आरोपी उसके घर आया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे कोई नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही, उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उसके पति को अमेरिका में नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसे डराया। इन धमकियों के कारण वह काफी समय तक भय में रही। आरोपी कथित तौर पर वीडियो वायरल करने और पति को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा तथा उसके साथ ही उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। महिला ने पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
![]()








