हरियाणा के करनाल में सोमवार देर रात एक पुलिसकर्मी पर टेंट कारोबारी से मारपीट और उसके परिजनों की तरफ फायरिंग करने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी खुद को जज का गनमैन बता रहा था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरस्वती टेंट हाउस के संचालक मुनीष ने पुलिस को बताया कि वह एनडीआरआई रोड पर 7 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए टेंट का सामान लगवा रहे थे। उनके साथ मजदूर और परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। रात करीब 11 से साढ़े 11 बजे के बीच उन्हें अपनी गाड़ी के अंदर एक व्यक्ति दिखाई दिया।
मुनीष के अनुसार, पूछने पर व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। वह गाड़ी से लोहे का सामान निकालकर उसके ऊपर रख रहा था। इस बारे में सवाल करने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि व्यक्ति ने शराब पी रखी थी और समझाने पर गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस राइडर ने उसे वहां से भेज दिया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि करीब 15 से 20 मिनट बाद आरोपी दोबारा लौट आया। उसने मुनीष को थप्पड़ मारे, गला दबाया और बंदूक की बट से सिर पर दो वार किए। इसके बाद कारोबारी के बेटे, भतीजे और दोस्त के बेटे की तरफ गोलियां चलाईं। तीनों ने गाड़ियों के पीछे छिपकर खुद को बचाया।
मुनीष के मुताबिक, एक गोली गाड़ी के शीशे पर लगी, जबकि दूसरी अन्य गाड़ी के पीछे से निकल गई। आरोपी ने दो अन्य फायर भी किए। शिकायत में बुलेट मोटरसाइकिल का शीशा और टंकी तोड़ने तथा मजदूरों पर हमला करने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोपी का नाम अरुण संधु बताया है। उन्होंने उसके खिलाफ कार्रवाई और मेडिकल जांच की मांग की है। मामले की जांच एसआई बंसीलाल को सौंपी गई है। पुलिस दर्ज शिकायत के आधार पर मारपीट और फायरिंग के आरोपों की जांच कर रही है। आरोपी के खुद को जज का गनमैन बताने की बात शिकायतकर्ता ने कही है।
![]()











