करनाल जिले के असंध क्षेत्र में एक महिला ने पति के परिचित पर होटल में नशीला पेय पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर महिला थाना असंध पुलिस ने 30 सितंबर की रात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच महिला एसआई प्रवीनलता को सौंपी गई है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 अगस्त की शाम करीब छह बजे आरोपी उसे गुजरात ले जाने की बात कहकर लेने आया था। उसने दावा किया कि इस संबंध में उसके पति से बात हो चुकी है। आरोपी ने रास्ते में एक महिला और दो अन्य लोगों को भी साथ लेने की बात कही थी।
शिकायत के अनुसार, गाड़ी में किसी अन्य व्यक्ति को नहीं देखकर महिला ने सवाल किया। आरोपी ने उन्हें आगे से बैठाने की बात कही। इसके बाद वह महिला को असंध के एक होटल में ले गया, जहां उसके पहचान पत्र से प्रवेश दर्ज करवाया और हस्ताक्षर कराए।
महिला के मुताबिक, होटल में रुकने का कारण पूछने पर आरोपी ने लंबा सफर होने के चलते भोजन और आराम करने की बात कही। कमरे में खाना और ठंडा पेय मंगवाया गया। आरोप है कि आरोपी ने पेय में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे पीने के बाद महिला बेहोश हो गई।
महिला ने आरोप लगाया कि बेहोशी के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो बनाई गई। अगले दिन सुबह होश आने पर उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही। आरोप है कि आरोपी ने उसका फोन छीनकर वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, डर के कारण महिला ने तत्काल घटना नहीं बताई। बाद में उसने पति को जानकारी दी और करनाल एसपी कार्यालय में शिकायत की। महिला ने आरोपी पर प्रभावशाली परिचितों का हवाला देकर डराने का आरोप भी लगाया है। एसपी कार्यालय से शिकायत महिला थाना असंध पहुंचने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
![]()











