कुरुक्षेत्र : अंबाला-हिसार हाईवे पर दो बच्चों के साथ पैदल जा रही एक महिला को बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया। महिला का आरोप है कि एक बदमाश ने उसके सिर पर रिवॉल्वर तान दी, जबकि दूसरे ने उसके कान से सोने की बाली खींच ली। दूसरी बाली छीनने की कोशिश का महिला ने विरोध किया तो उसके दोनों बच्चे भी बदमाशों के सामने डट गए।
वारदात गंगहेड़ी गांव के बस अड्डे के पास 152डी एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट के नजदीक हुई। पीड़ित महिला की पहचान गांव चम्मू कलां निवासी बेअंत कौर के रूप में हुई है।
बेअंत कौर ने बताया कि वह अपने बेटे और बेटी के साथ इस्माइलाबाद बस अड्डे से बस में सवार हुई थी। गंगहेड़ी गांव के बस अड्डे के पास तीनों बस से उतर गए और घर की तरफ पैदल जाने लगे। जब वे पुल के दूसरी तरफ जा रहे थे, तभी बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक उनके पास पहुंचे।
महिला के मुताबिक तीनों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि एक युवक ने रिवॉल्वर निकालकर उसके सिर की तरफ तान दी। इसी दौरान दूसरे युवक ने झपट्टा मारकर उसके एक कान से सोने की बाली खींच ली।
बदमाशों ने दूसरी बाली भी निकालने का प्रयास किया तो बेअंत कौर ने उनका विरोध शुरू कर दिया। उसने बाली बचाने के लिए बदमाशों का हाथ पकड़ लिया। खींचतान के दौरान उसके कान में चोट आई और खून निकलने लगा।
मां को बदमाशों का विरोध करते देखकर उसके दोनों बच्चे भी पीछे नहीं हटे। महिला का आरोप है कि एक नकाबपोश ने उसके बेटे को डराने के लिए उसकी तरफ भी रिवॉल्वर तान दी। इसके बावजूद मां और बच्चों ने शोर मचाते हुए विरोध जारी रखा।
लगातार विरोध और शोर के कारण बदमाश दूसरी बाली नहीं ले जा सके। इसके बाद तीनों बाइक पर सवार होकर इस्माइलाबाद की दिशा में फरार हो गए।
घटना के बाद महिला के परिजनों को जानकारी दी गई। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर महिला और उसके परिवार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
बेअंत कौर का कहना है कि घटना के दौरान उसने बदमाशों को नजदीक से देखा था और यदि वे सामने आते हैं तो वह उन्हें पहचान सकती है। हालांकि तीनों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। पुलिस इस जानकारी सहित अन्य सुरागों के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास कर रही है।
वारदात के बाद इलाके में पुलिस ने तलाश शुरू की। हाईवे, आसपास के रास्तों और प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बाइक के आने-जाने के रास्ते की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल इस्माइलाबाद थाना पुलिस के साथ CIA की टीम भी मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का प्रयास आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने और वारदात में इस्तेमाल हथियार तथा लूटी गई बाली बरामद करने का है।
![]()











