झज्जर में कस्टडी पैरोल पर मैनपाल ढिल्ला की शादी आज, कंबोडिया की मेटाचान संग लेगा फेरे; 500 मेहमानों को न्योता

4
Manpal Dhillon Wedding

झज्जर : हरियाणा के झज्जर में गुरुवार को मैनपाल ढिल्ला (45) की कंबोडिया निवासी मेटाचान (36) से शादी होगी। सुबह उसे दुलीना जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच बादली गांव स्थित समारोह स्थल लाया गया। परिवार ने शादी की तैयारियां की हैं और करीब 500 मेहमानों को आमंत्रित किया है।

समारोह स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान जांची जा रही है। प्रवेश करने वालों के नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मैनपाल को शादी के लिए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कस्टडी पैरोल मिली है। उसे निर्धारित समय से पहले वापस जेल पहुंचाना होगा।

मेटाचान 12 सितंबर को अपने तीन बच्चों के साथ भारत पहुंची थीं। दोनों के चार बच्चे बताए गए हैं; उनकी एक बेटी फिलहाल कंबोडिया में है। परिवार के मुताबिक, मेटाचान अभी मैनपाल के परिवार के दूसरे घर में रह रही हैं।

बताया गया है कि वर्ष 2018 में कंबोडिया में दोनों की मुलाकात हुई थी। मैनपाल वहां रेस्टोरेंट और बीयर बार के कारोबार से जुड़ा था। मेटाचान उसके पड़ोस में रहती थीं। परिचय बढ़ने के बाद दोनों साथ रहने लगे और मेटाचान ने रेस्टोरेंट के काम में भी सहयोग किया।

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, शादी के बाद मेटाचान 10 अक्टूबर तक झज्जर में रहेंगी और फिर कंबोडिया लौटेंगी। आवश्यक दस्तावेज और अनुमतियां मिलने पर उनके दोबारा भारत आने की प्रक्रिया की जाएगी। मेटाचान के माता-पिता, दो बहनें और एक भाई कंबोडिया में रहते हैं।

मैनपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आपराधिक साजिश और अवैध हथियारों से जुड़े 22 मामले दर्ज बताए गए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तीन हत्या के मामलों में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। वह 2018 में पैरोल के दौरान फरार होकर कंबोडिया पहुंचा था। शादी की रस्मों के दौरान वह पुलिस की निगरानी में रहेगा।

Loading