रोहतक में दोस्तों संग नहर में नहाने गया 23 वर्षीय युवक डूबा, रातभर चला सर्च ऑपरेशन; काहनौर हेड के पास मिला शव

3
Rohtak Canal Accident

रोहतक : जिले के बहुअकबरपुर क्षेत्र में नहर में नहाने गए 23 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ नहर पर गया था और पानी का बहाव तेज होने के कारण डूब गया। ग्रामीणों और पुलिस ने उसकी तलाश में सर्च अभियान चलाया। बाद में काहनौर हेड के पास उसका शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान बहुअकबरपुर गांव निवासी करीब 23 वर्षीय राकेश उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया है। मामले में पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की है।

जानकारी के अनुसार राकेश 15 सितंबर की शाम अपने दोस्तों के साथ नहर पर नहाने के लिए गया था। उसके साथ प्रवेश और अजय भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ राकेश नहर में उतरा था।

इस दौरान नहर में पानी का बहाव तेज था। राकेश पानी में उतरने के बाद बहाव की चपेट में आ गया और डूबने लगा। कुछ ही देर में वह दोस्तों की नजरों से ओझल हो गया। उसके साथ मौजूद युवकों ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

इसके बाद प्रवेश और अजय ने घटना की जानकारी गांव के लोगों और पुलिस को दी। युवक के नहर में डूबने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी।

सूचना मिलने के बाद बहुअकबरपुर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नहर और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

रातभर राकेश की तलाश जारी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। नहर में पानी का बहाव होने के कारण सर्च अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण भी देर रात तक पुलिस के साथ युवक की तलाश में जुटे रहे।

अगले दिन भी सर्च अभियान जारी रखा गया। इसी दौरान दोपहर के समय काहनौर हेड के पास नहर से राकेश का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस ने शव को नहर से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भिजवा दिया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

बहुअकबरपुर थाना SHO जसबीर के अनुसार पुलिस को युवक के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। सर्च अभियान के दौरान युवक का शव नहर से बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक मामले में फिलहाल इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद राकेश के परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के संबंध में साथ गए युवकों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि हादसे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।

Loading