सफीदों, (एस• के• मित्तल) : भारत विकास परिषद सर्पदमन शाखा सफीदों द्वारा ज्ञान ज्योति स्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष कृष्ण जैन ने की। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य अशोक कुमार शर्मा संस्था के पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षाविद खजान शर्मा व नरेश कुमार को शिक्षा के क्षेत्र में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं की छात्रा रिया तथा कक्षा 11वीं के छात्र सिद्धार्थ को विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में शिक्षाविद खजान शर्मा व नरेश कुमार ने कहा कि आज का दिन उन सभी गुरुजनों को समर्पित है, जो हमें केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन में सही रास्ते पर चलना भी सिखाते हैं। शिक्षक हमारे जीवन के मार्गदर्शक होते हैं। वे हमारी गलतियों को सुधारते हैं, हमारी प्रतिभा को पहचानते हैं और हमें अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं। गुरु वह दीपक हैं, जो स्वयं जलकर हमारे जीवन को रोशन करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधान कृष्ण जैन, समाजसेवी अशोक शर्मा, सतीश शर्मा, खजान शर्मा, कविता शर्मा, नरेश कुमार, डा. लवकेश भाटिया, रुचि कंसल, संजीव दीवान, उमेश दीवान, पुरुषोत्तम शर्मा, संदीप दीवान व मोहित कंसल मौजूद थे।
![]()









