हरियाणा : नई सब्जी मंडी के पास स्थित सागर होटल में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और हवाई फायर करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने होटल में मौजूद दूसरे पक्ष पर डंडों से हमला किया और एक युवक ने पिस्टल से हवाई फायर किया। घटना होटल में लगे CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है। शिकायत मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 10 सितंबर की रात की बताई जा रही है। सामने आए CCTV फुटेज में तीन युवक एक कमरे से बाहर निकलते दिखाई देते हैं। इसी दौरान होटल के खुले हिस्से में टेबल-कुर्सियों पर बैठे कुछ युवक उठकर उनके पास आते नजर आते हैं।
फुटेज में एक युवक के हाथ में डंडे जैसी वस्तु दिखाई देती है। कुछ देर दोनों पक्षों के बीच बातचीत होती है। इसके बाद विवाद बढ़ता दिखाई देता है और एक युवक पीछे हटकर कथित तौर पर हवाई फायर करता नजर आता है।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो जाती है। एक युवक डंडे से दूसरे पक्ष के युवक पर हमला करता दिखाई देता है। हमले के दौरान एक युवक जमीन पर गिर जाता है। बाद में वह उठकर अपने साथियों के साथ वहां से बचकर निकलने का प्रयास करता है।
CCTV में हमलावर बताए जा रहे युवक उनका पीछा करते भी दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक युवक खुद को बचाने के लिए होटल के एक कमरे में चला जाता है और अंदर से दरवाजा बंद कर लेता है।
इसके बाद बाहर मौजूद एक युवक दरवाजे पर पैर से वार करता दिखाई देता है। कुछ समय बाद अंदर गया युवक बाहर आता है, लेकिन तनाव बढ़ने पर वह दोबारा कमरे के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लेता है। बाहर मौजूद युवक एक बार फिर दरवाजा खोलने या तोड़ने का प्रयास करता नजर आता है।
फुटेज में होटल परिसर में मौजूद एक अन्य व्यक्ति बीच-बचाव करने और युवक को रोकने का प्रयास करता भी दिखाई देता है। इसके बाद हमलावर बताए जा रहे युवक होटल से बाहर निकलते नजर आते हैं।
मामले में ओमनगर निवासी संजीव ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। संजीव के अनुसार वह अपने दोस्तों सन्नी और विक्की के साथ सागर होटल में पार्टी करने गया था। उन्होंने होटल में कमरा नंबर-4 लिया था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने अपने परिचित नीट्टू को घर जाने के लिए गाड़ी लेकर बुलाया था। कमरे से बाहर निकलते समय वे आपस में ऊंची आवाज में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान होटल परिसर में बैठे कुछ युवकों ने उन्हें ऊंची आवाज में बात करने को लेकर टोका।
संजीव का आरोप है कि उन्होंने दूसरे पक्ष को बताया कि वे घर जाने वाले हैं, लेकिन इसके बाद विवाद बढ़ गया और उन पर डंडों से हमला कर दिया गया। शिकायत में पीली टी-शर्ट पहने एक युवक पर पिस्टल से हवाई फायर करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वे हमले से बचकर अपने दोस्त की गाड़ी की तरफ भागे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए और दोबारा मारपीट की। इस दौरान गाड़ी को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायत में एक आरोपी का नाम अखिल बताया गया है, जबकि अन्य युवकों की पहचान स्पष्ट नहीं होने की बात कही गई है। पुलिस CCTV फुटेज और शिकायत में दी गई जानकारी के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
सिटी थाना पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी में विवाद मामूली बात से शुरू होने की बात सामने आई है। घटना के CCTV फुटेज को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस अब कथित फायरिंग, मारपीट, गाड़ी को नुकसान पहुंचाने और अन्य आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()











