सिरसा। जिले के ऐलनाबाद क्षेत्र से लापता इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान संचालक भरत सिंह सहारण, उनकी पत्नी मंजू और 24 वर्षीय बेटी लता के मामले में रविवार शाम दुखद घटनाक्रम सामने आया। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में राजकनाल से लता का शव बरामद हुआ, जबकि उसके माता-पिता का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और गोताखोरों की टीमें दोनों की तलाश में जुटी हैं। सोमवार को लता के शव का पोस्टमार्टम होना है। जानकारी के अनुसार, ढाणी शेरां वाली निवासी भरत सिंह सहारण की ऐलनाबाद के नोहर रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स की पुरानी दुकान है। उनकी पत्नी मंजू गृहिणी हैं, जबकि इकलौती बेटी लता बीबीए की पढ़ाई कर रही थी। परिवार के तीनों सदस्य 16 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक पर घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने ऐलनाबाद पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। गांव के सरपंच नत्थूराम के अनुसार, परिवार की अंतिम लोकेशन मसीतां हेड के पास मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में भी तीनों बाइक पर जाते दिखाई दिए थे। इसके बाद ग्रामीण और परिजन राजकनाल के किनारे उनकी तलाश कर रहे थे। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे राजस्थान के टिब्बी क्षेत्र में गांव डबली के पास नहर में एक युवती का शव तैरता दिखाई दिया। पहचान करने पर शव लता का निकला। सूचना मिलने पर ऐलनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से रात करीब आठ बजे शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को ऐलनाबाद के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों को आशंका है कि भरत सिंह और उनकी पत्नी के साथ भी कोई अनहोनी हुई हो सकती है। इसी आशंका के चलते नहर में तलाश अभियान तेज कर दिया गया है। राजस्थान पुलिस भी सहयोग कर रही है। अभी तक दंपती के साथ उनकी बाइक का भी पता नहीं चला है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि युवती का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि उसके माता-पिता की तलाश जारी है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के कारणों और परिस्थितियों का खुलासा नहीं हुआ है।
![]()











