गुरुग्राम। जिले के दौलाह गांव में शिक्षक प्रशांत की पत्नी नीतू की हत्या के मामले में पुलिस के सामने कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं। वारदात के दौरान आरोपियों ने घर की अलमारियों और संदूकों का सामान बिखेर दिया, लेकिन घर में रखे नकदी और कीमती जेवरात सुरक्षित मिले हैं। नीतू के शरीर पर पहने गहनों को भी हाथ नहीं लगाया गया। ऐसे में पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि आरोपी घर में किसी विशेष वस्तु या दस्तावेज की तलाश में तो नहीं आए थे। जांच में सामने आया है कि संदिग्ध अपने साथ एक बैग में प्लास्टिक पैकेजिंग टेप, रस्सियां और हथियार लेकर आए थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों की योजना नीतू को बंधक बनाकर घर की तलाशी लेने की हो सकती थी। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस इस वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिए जाने की संभावना पर भी जांच कर रही है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों के अनुसार, नीतू के विरोध करने या शोर मचाने के दौरान हत्या किए जाने की आशंका है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घर में किसी विशेष दस्तावेज, वसीयत या अन्य महत्वपूर्ण वस्तु की तलाश किए जाने की संभावना भी खंगाल रही है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में परिवार की गतिविधियों और घर की अंदरूनी जानकारी रखने वाला कोई व्यक्ति शामिल तो नहीं था। गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं। एक युवक काली शर्ट और हेलमेट पहने था, जबकि दूसरे ने लाल रंग की स्वेटर शर्ट और हेलमेट पहन रखा था। तीसरे युवक ने हेलमेट नहीं पहना था और उसकी पीठ पर नीले रंग का बैग दिखाई दे रहा है। पुलिस बाइक के रास्ते और संदिग्धों की पहचान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। मामले की जांच में सीआईए सहित छह पुलिस टीमें जुटी हैं। वारदात के 60 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। रविवार को पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। गांव में कड़ी सुरक्षा और गमगीन माहौल के बीच नीतू का अंतिम संस्कार किया गया। मृतका के पति प्रशांत ने कहा कि पुलिस लगातार जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दे रही है, लेकिन आरोपियों के पकड़े जाने तक परिवार को न्याय मिलने का विश्वास नहीं होगा। सोहना के एसीपी मुकेश ने बताया कि जांच में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
![]()











