सोनीपत में महावीर डेयरी में देर रात लगी भीषण आग, बिजली मीटर में शॉर्ट सर्किट की आशंका; फास्ट फूड की रेहड़ी भी जली

3
Sonipat Fire

सोनीपत : शहर के कच्चे क्वार्टर क्षेत्र में रविवार देर रात महावीर डेयरी में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले बिजली के मीटर में लगी और इसके बाद दुकान तक फैल गई। कुछ ही देर में दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब एक बजे बिजली के मीटर में अचानक आग दिखाई दी। देखते ही देखते आग ने दुकान के हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। देर रात आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को इसकी सूचना दी और अपने स्तर पर भी आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।

फायर विभाग के कर्मचारी के अनुसार रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगर निगम परिसर में मौजूद दमकल वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। आग की स्थिति को देखते हुए सेक्टर-3 फायर स्टेशन से भी एक बड़ी दमकल गाड़ी भेजी गई।

हालांकि दूसरी दमकल गाड़ी के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद फायर टीम ने आग को नियंत्रित कर लिया था। इससे आग को बिल्डिंग के अन्य हिस्सों और आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने में मदद मिली।

दुकान मालिक के मुताबिक बिल्डिंग में इन दिनों रिपेयरिंग का काम चल रहा था। इस कारण दुकान के अंदर सामान्य दिनों की तुलना में सामान कम रखा हुआ था। इसी वजह से आग लगने के बावजूद नुकसान सीमित रहा। नुकसान की वास्तविक राशि का अभी आकलन नहीं किया गया है।

डेयरी में घी समेत अन्य ज्वलनशील सामान पीछे की तरफ रखा हुआ था। राहत की बात यह रही कि आग उस हिस्से तक नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर लपटें वहां रखे सामान तक पहुंच जातीं तो आग और तेजी से फैल सकती थी।

आग की चपेट में दुकान के पास खड़ी एक फास्ट फूड की रेहड़ी भी आ गई। इससे रेहड़ी को नुकसान पहुंचा है। आसपास के लोगों ने दमकल टीम के पहुंचने से पहले आग बुझाने और आसपास मौजूद सामान तथा वाहनों को सुरक्षित करने में मदद की।

इस दौरान आग के पास खड़ी एक गाड़ी को हटाने का प्रयास किया गया तो पता चला कि उसकी चाबी अंदर रह गई है और गाड़ी लॉक हो चुकी है। आग के वाहन तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने शीशा तोड़कर अंदर से चाबी निकाली और वाहन को वहां से हटाया।

फिलहाल आग लगने की प्राथमिक वजह बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग वास्तव में किस कारण से लगी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से कोई जनहानि नहीं हुई और डेयरी के पीछे रखे ज्वलनशील सामान तक भी लपटें नहीं पहुंचीं। घटना में दुकान और पास की रेहड़ी को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Loading