कुंडली बॉर्डर पर कार से शराब की 19 पेटियां बरामद, दिल्ली निवासी दो युवक पकड़े गए

2
Sonipat Liquor Seizure

सोनीपत : कुंडली बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक सफेद हुंडई ऑरा कार से शराब की 19 पेटियां बरामद की हैं। कार में सवार दिल्ली निवासी दो युवकों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों शराब से संबंधित परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सके। कार और शराब को कब्जे में लेकर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पीएसआई नसीम, हेड कांस्टेबल सोमबीर और चालक विकास रात में कुंडली बॉर्डर मोड़ पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि दो युवक सफेद हुंडई ऑरा कार में शराब लेकर सोनीपत से दिल्ली की ओर जाएंगे। सूचना नाका प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार और वहां मौजूद टीम को दी गई। इसके बाद बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई।

कुछ देर बाद बताए गए रंग की कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, चालक ने गाड़ी मोड़कर निकलने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर कार रोक ली और दोनों सवारों को पकड़ लिया। कार का पंजीकरण नंबर HR 55 BC 2721 बताया गया है।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम दीवारी लाल और दूसरे युवक ने हरिओम बताया। पुलिस के अनुसार, दोनों दिल्ली की गीता कॉलोनी के गांधी नगर क्षेत्र के निवासी हैं। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी और पिछली सीट से शराब के पव्वों की पेटियां मिलीं।

बरामद पेटियों में पांच NIGHT BLUE, सात RACE 7 और सात संतरा देसी शराब की बताई गई हैं। पुलिस ने कुल 19 पेटियां गिनकर शराब और कार को केस प्रॉपर्टी के रूप में कब्जे में लिया। बरामदगी की वीडियो ई-साक्ष्य ऐप पर भी दर्ज की गई है।

पुलिस का कहना है कि युवकों से शराब ले जाने के लिए आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं दिखा सके। मामले में दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 61-4-20 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस शराब की आपूर्ति और इसे ले जाने के उद्देश्य की जांच कर रही है।

Loading