गन्नौर में 90 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, बैंक लोन की एंट्री के बदले रकम मांगने का आरोप

3
Sonipat News

सोनीपत के गन्नौर में सोमवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने पटवारी सचिन को 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। एसीबी के अनुसार, आरोपी ने एक कंपनी के बैंक लोन की एंट्री राजस्व रिकॉर्ड में करने के बदले रकम मांगी थी। शिकायत मिलने पर भिवानी एसीबी की टीम ने गन्नौर तहसील परिसर में कार्रवाई की।

एसीबी इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि सचिन गांव उमेदगढ़ का रहने वाला है और गन्नौर में पटवारी के पद पर तैनात है। आरोप है कि उसने कंपनी से जुड़े व्यक्ति से संबंधित संपत्ति के राजस्व रिकॉर्ड में बैंक लोन दर्ज करने के लिए पहले दो लाख रुपए मांगे थे। बातचीत के बाद रकम एक लाख रुपए में तय होने की बात सामने आई है।

कंपनी के व्यक्ति ने रिश्वत की मांग के संबंध में भिवानी एसीबी को शिकायत दी। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया। तय योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता सोमवार को 90 हजार रुपए लेकर गन्नौर तहसील पहुंचा। एसीबी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने जैसे ही पटवारी को रकम दी, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।

इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के अनुसार, आरोपी के कब्जे से रिश्वत के 90 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे गन्नौर थाने ले जाया गया, जहां मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एसीबी के अनुसार, संबंधित कंपनी ने बैंक से लोन लिया था। इसके बाद संपत्ति की फर्द और राजस्व रिकॉर्ड में बैंक लोन की एंट्री की जानी थी। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य लोन से जुड़ी संपत्ति को बैंक की जानकारी के बिना बेचे जाने से रोकना है। इसी काम को पूरा करने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।

मामले में प्रारंभिक मांग दो लाख रुपए और बातचीत के बाद तय रकम एक लाख रुपए बताई गई है, जबकि कार्रवाई के दौरान 90 हजार रुपए बरामद हुए। एसीबी आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।

Loading