सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सदर थाना सफीदों ने 8 वर्षीय गुमशुदा बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया है। जानकारी के अनुसार, सदर थाना सफीदों की एक पुलिस टीम नियमित रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान गांव हाट के पास स्थित राजा वाली सड़क पर एक छोटी बच्ची अकेली घूमती हुई नजर आई। देर रात सुनसान इलाके में एक मासूम बच्ची को इस तरह भटकता देख पुलिस टीम को स्थिति संदिग्ध लगी। बिना समय गंवाए पुलिसकर्मियों ने बच्ची को अपने संरक्षण में ले लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर बैठाकर उससे बातचीत करने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने बच्ची से उसका नाम, पता और परिवार के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह काफी डरी हुई थी और स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। बच्ची की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसका फोटो खींचकर आसपास के थानों और संबंधित पुलिस चौकियों में भेजा गया। साथ ही गुमशुदा बच्चों के रिकॉर्ड से मिलान किया गया। कुछ ही समय में सूचना मिली कि यह बच्ची गोहाना क्षेत्र से लापता है। आगे की जांच में पता चला कि बच्ची के परिजन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मिर्जापुर पोले क्षेत्र के निवासी हैं, लेकिन फिलहाल गोहाना में रह रहे हैं। बच्ची की पहचान 8 वर्षीय आसमिन के रूप में हुई। जैसे ही पुलिस को बच्ची की पहचान और परिजनों के बारे में जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत परिजनों से संपर्क स्थापित किया। बच्ची के मिलने की सूचना मिलते ही परिजन तुरंत सदर थाना सफीदों पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को उसके पिता महताब के सुपुर्द कर दिया। बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का तहेदिल से धन्यवाद किया। इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम को बच्ची रात्रि गश्त के दौरान गांव हाट के पास राजा वाली सड़क पर अकेली मिली थी। उन्होंने बताया कि विभिन्न थानों के साथ बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते बच्ची को जल्द ही उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अकेले बाहर न जाने दें।
![]()











