सफीदों में हुआ भव्य स्वागत
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा घोषित नई टीम में सफीदों विधानसभा क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ नेता अमरपाल राणा को प्रदेश मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इस नियुक्ति को लेका सफीदों हलके में उत्साह का माहौल है। बता दें कि अमरपाल राणा लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे कैथल के प्रभारी, पूर्व चेयरमैन तथा भाजपा के जिला अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यशैली और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश मंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने उनका सफीदों के रैस्ट हाऊस में फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। वरिष्ठ नागरिक मित्र मंडल, राइस मिल एसोसिएशन, स्कूल एसोसिएशन तथा भारत विकास परिषद के सदस्यों ने भी राणा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। अमरपाल राणा ने इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अपने हर कार्यकर्ता का सम्मान करती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को सशक्त रूप से रखने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। इस मौके पर हरीश शर्मा, सुभाष जैन, सुरेश कौशिक, जितेंद्र रोहड़, सुखदीप बुआना, रवि थनई, कृष्ण खातला, गीता बिटानी, सरोज भाटिया, विक्रम राणा, मदन गोयल, सेवा राम सैनी, सक्षम भाटिया, शंकर दास अरोड़ा, अजय राणा, पुरुषोतम शर्मा, कृष्ण जैन, संजीव दीवान, उमेद दीवान सहित काफी तादाद में लोग मौजूद थे।
![]()






