हरियाणा में IPS-HPS तबादला आदेशों में संशोधन, दीप्ति गर्ग अब पलवल SP; मेघा भूषण को मिली पानीपत की कमान

2
Haryana IPS Transfer

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने IPS और HPS अधिकारियों के हाल ही में जारी स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेशों में बड़ा संशोधन किया है। दो दिन पहले पानीपत की SP नियुक्त की गईं IPS दीप्ति गर्ग का आदेश रद्द कर दिया गया है। अब IPS मेघा भूषण को पानीपत की नई पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि दीप्ति गर्ग को पलवल की कमान सौंपी गई है।

गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल की ओर से 5 सितंबर 2026 को जारी संशोधित आदेशों में कई अन्य पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

प्रशासनिक स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार दीप्ति गर्ग पानीपत की मूल निवासी हैं। गृह जिले में तैनाती से जुड़े प्रशासनिक पहलुओं के कारण उन्होंने पानीपत SP का कार्यभार ग्रहण नहीं किया था। इसके बाद सरकार ने पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए उनकी नई नियुक्ति पलवल में कर दी।

IPS मेघा भूषण 2019 बैच की अधिकारी हैं। वह इससे पहले DCP (ईस्ट), सोनीपत के पद पर तैनात थीं। 3 सितंबर को जारी आदेश में उन्हें पलवल की SP नियुक्त किया गया था। अब उनका पलवल स्थानांतरण आदेश रद्द करते हुए उन्हें SP पानीपत लगाया गया है।

वहीं 2020 बैच की IPS दीप्ति गर्ग को पहले DCP झज्जर से स्थानांतरित कर SP पानीपत नियुक्त करने के आदेश दिए गए थे। संशोधित आदेश में उनकी पानीपत नियुक्ति रद्द कर अब उन्हें SP पलवल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार ने अन्य IPS और HPS अधिकारियों के प्रभार में भी बदलाव किया है। 2014 बैच के IPS लोकेंद्र सिंह को SP CID-1 (सुरक्षा) और ATS के दायित्व से स्थानांतरित कर SP, स्टेट क्राइम ब्यूरो (SCB), हरियाणा नियुक्त किया गया है।

2014 बैच के IPS सुरिंदर सिंह भोरिया को SP, STF पंचकूला से स्थानांतरित कर कमांडेंट, 5वीं बटालियन HAP, मधुबन की जिम्मेदारी दी गई है।

2015 बैच के IPS नरेंद्र बिजारणिया को SP करनाल के पद से स्थानांतरित कर कमांडेंट, प्रथम IRB भोंडसी नियुक्त किया गया है। इसके साथ भोंडसी में HPS अधिकारी पूजा डाबला को दिया गया कार्यवाहक कमांडेंट का प्रभार समाप्त करने का आदेश भी शामिल है।

2017 बैच के IPS वरुण सिंगला SP CID (सुरक्षा) की जिम्मेदारी के साथ SP, एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS), हरियाणा का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।

इसी बैच के IPS विक्रांत भूषण को SP, STF के पद से स्थानांतरित कर SP, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB), पंचकूला नियुक्त किया गया है।

2018 बैच के IPS अमित यशवर्धन को SP सुरक्षा (CID) की जिम्मेदारियों के साथ SP कमांडो (नेवल) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

HPS अधिकारी अनिल कुमार को SP, STF करनाल से स्थानांतरित कर SP, HSNCB करनाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार के संशोधित आदेश के बाद पानीपत और पलवल दोनों जिलों में SP की नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। अब मेघा भूषण पानीपत और दीप्ति गर्ग पलवल जिले की पुलिस कमान संभालेंगी।

Loading