PM मोदी के जन्मदिन पर हरियाणा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, 39.76 लाख परिवारों को मुफ्त मिलेंगे 2-2 दीये

2
PM Narendra Modi Birthday

हरियाणा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को हरियाणा में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। इसके तहत प्रदेश के अंत्योदय परिवारों को दो-दो मिट्टी के दीये निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इसके लिए जिलावार दीयों का आवंटन निर्धारित कर दिया है।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को दो दीये दिए जाएंगे। विभाग ने प्रति दीया एक रुपए की दर तय की है। खास बात यह है कि इन दीयों को बाहर से खरीदने के बजाय संबंधित जिलों के स्थानीय कुम्हारों से ही खरीदा जाएगा। इसके लिए सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कुल 39 लाख 76 हजार 273 राशन कार्ड परिवारों के लिए दीयों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परिवार को दो दीये देने के हिसाब से कुल 79 लाख 52 हजार 546 दीये आवंटित किए गए हैं।

जिलावार आवंटन में हिसार के लिए सबसे अधिक 5 लाख 76 हजार 608 दीये निर्धारित किए गए हैं। करनाल में 5 लाख 7 हजार 676 और फरीदाबाद में 5 लाख 3 हजार 270 दीयों का आवंटन किया गया है।

इसी तरह जींद में 4 लाख 47 हजार 660, सिरसा में 4 लाख 44 हजार 852 और यमुनानगर में 4 लाख 40 हजार 122 दीये उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। पंचकूला के 66 हजार 727 राशन कार्ड परिवारों के लिए एक लाख 33 हजार 454 दीये आवंटित किए गए हैं।

इस कार्यक्रम का एक उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को आर्थिक गतिविधि से जोड़ना भी बताया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिला स्तर पर आवश्यक दीयों की खरीद स्थानीय कुम्हारों से की जाए। इससे बड़ी संख्या में मिट्टी के दीयों की मांग पैदा होने के साथ कुम्हार परिवारों को सीधे रोजगार और आय मिलने की उम्मीद है।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अपने जिले में निर्धारित संख्या के अनुसार स्थानीय कुम्हारों से दीयों की खरीद करेंगे। इसके बाद इन दीयों को चिन्हित लाभार्थी परिवारों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

विभाग की ओर से दीयों की खरीद और वितरण के संबंध में जवाबदेही भी तय की गई है। कार्यक्रम पूरा होने के बाद संबंधित जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को खरीद और आवंटन का प्रमाण पत्र विभाग को उपलब्ध करवाना होगा।

प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद विभाग की ओर से संबंधित जिलों को बजट जारी किए जाने की व्यवस्था बताई गई है। इस तरह जिला स्तर पर खरीदे गए दीयों और उनके वितरण का रिकॉर्ड भी विभाग के पास उपलब्ध रहेगा।

17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर लाभार्थी परिवारों के घरों में ये दीये जलाए जाने का कार्यक्रम है। इसे ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम दिया गया है। विभाग ने जिला अधिकारियों को लाभार्थी परिवारों के साथ समन्वय स्थापित कर समय पर खरीद और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार की इस पहल के जरिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन के कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ स्थानीय कुम्हारों को आर्थिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। करीब 79.52 लाख दीयों की स्थानीय स्तर पर खरीद होने से प्रदेश के कुम्हारों के लिए भी बड़े स्तर पर मांग तैयार होगी।

अब जिला स्तर पर निर्धारित आवंटन के अनुसार दीयों की खरीद और वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि 17 सितंबर से पहले पात्र परिवारों तक दो-दो दीये पहुंचाए जा सकें।

Loading