डेबिट कार्ड बनाने के नाम पर भी ठगी, साइबर क्राइम थाने में तीन FIR दर्ज
करनाल : जिले में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जिनमें साइबर ठगों ने तीन लोगों के बैंक खातों से कुल 7 लाख 22 हजार 227 रुपए निकाल लिए। पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना करनाल ने तीनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में मोबाइल फोन हैक होने के बाद पीड़ित के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 1 लाख 91 हजार 878 रुपए निकाल लिए गए। दूसरे मामले में भी फोन हैक होने की बात सामने आई है। इसमें अलग-अलग बैंक खातों से कुल 2 लाख 90 हजार 349 रुपए ट्रांसफर किए गए।
तीसरे मामले में ठगी का तरीका अलग रहा। पीड़ित के पास डेबिट कार्ड बनाने के नाम पर फोन आया और इसके बाद उसके बैंक खाते से 2 लाख 40 हजार रुपए निकल गए। तीनों मामलों में पीड़ितों को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।
गांव ब्याना निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके साथ 15 और 16 सितंबर को ऑनलाइन साइबर फ्रॉड हुआ। शिकायत के मुताबिक 15 सितंबर को दोपहर करीब 1:41 बजे उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया। इसके बाद उसकी जानकारी और अनुमति के बिना एसबीआई बैंक खाते से यूपीआई के जरिए रकम निकाली गई।
शिकायत के अनुसार दो दिनों के दौरान कुल चार ट्रांजैक्शन किए गए। पीड़ित को जब खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली तो उसने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों को दी। वहीं अन्य दोनों पीड़ितों ने भी अपने साथ हुई ऑनलाइन ठगी की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस को दी।
पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन मामलों में रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई और ठगी को किस तरीके से अंजाम दिया गया, इसकी जांच की जा रही है।
![]()











