हजारों दीपों ने दिया सेवा, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सफीदों उपमंडल में विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। नागक्षेत्र मंदिर के तालाब परिसर, स्कूलों, बूथों, सरकारी भवनों तथा विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में हजारों दीप जलाए गए। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सद्भाव, समर्पण और सकारात्मकता का संदेश दिया गया। दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नागक्षेत्र तालाब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, तहसीलदार राजेश गर्ग, भाजपा रोहतक प्रभारी एडवोकेट विजयपाल सिंह तथा नगर पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय बिट्टा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए तथा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर एसडीएम पुलकित मल्होत्रा एवं भाजपा रोहतक प्रभारी एडवोकेट विजयपाल सिंह ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत उपमंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य जनसेवा की भावना को और मजबूत करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि आशा, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देता है। सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित करने से समाज में एकता, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूती मिलती है।
![]()











