बाइक सवार दो हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, एक घायल अस्पताल में भर्ती
मुसिंबल के सरपंच की कार पर भी फायरिंग, दोनों घटनाओं की कड़ी तलाश रही पुलिस
यमुनानगर : जिले में शुक्रवार देर रात बाइक सवार हथियारबंद हमलावरों ने एक हाइड्रा ऑफिस को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में गोली लगने से दो लोग घायल हुए, जबकि एक अन्य व्यक्ति जान बचाने के लिए भागते समय गिरकर चोटिल हो गया। अस्पताल पहुंचाए जाने पर एक घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार घटना के समय तीन दोस्त हाइड्रा ऑफिस की पहली मंजिल पर बने कमरे में मौजूद थे और शराब पी रहे थे। ऑफिस के निचले हिस्से में कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मंधार गांव निवासी करीब 50 वर्षीय रिछपाल को मृत घोषित कर दिया। गोलीबारी में कमलजीत घायल हुआ है, जबकि हमले के दौरान जान बचाने के प्रयास में भागा गुरनील गिरकर चोटिल हो गया। कमलजीत और गुरनील मुसिंबल गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश में आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुसिंबल गांव के सरपंच की कार पर भी गोलियां चलाई गई हैं। इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और वहां हुई घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
फिलहाल पुलिस दोनों फायरिंग की घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमले के पीछे की वजह भी जांच का विषय बनी हुई है।
![]()











