सफीदों, (एस• के• मित्तल) : एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत उपमंडल सफीदों में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के मॉड्यूल नमो सेवा अनकही कहानियां के तहत प्रशासन द्वारा कला एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा के सहयोग से 25 एवं 26 सितंबर को उपमंडल के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इन नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों से रूबरू करवाया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि 25 सितंबर को प्रातःकाल सफीदों के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दोपहर के समय राजकीय महाविद्यालय तथा सायंकाल अग्रसेन चौंक पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी प्रकार 26 सितंबर को प्रातः राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांव कारखाना, दोपहर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांव पाजूकलां तथा सायंकाल गांव रामपुरा में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि नुक्कड़ नाटक आमजन तक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।
![]()











